नौ साल के बच्चे से तीन युवकों ने किया कुकर्म का प्रयास
बच्चे के पिता ने पुलिस से की शिकायत, पुलिस कर रही जांच
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट के एक गांव में नौ साल के बच्चे के साथ गांव के ही तीन युवकों ने कुकर्म करने का प्रयास किया। इसकी शिकायत बच्चे के पिता ने पुलिस से की। इसे लेकर पुलिस छानबीन में लग गई है।
गुरुवार को अपने नौ साल के बच्चे को साथ लेकर कोतवाली हाथरस गेट आए युवक ने अपने गांव के तीन युवकों पर बच्चे से कुकर्म का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पिता ने बताया कि 16 जुलाई को मोहल्ले में एक दावत का कार्यक्रम था। रात को करीब नौ बजे मोहल्ले के ही तीन युवक उनके नौ साल के बच्चे को उठाकर ले गए। उसके साथ कुकर्म करने का प्रयास किया। अपने मकसद में कामयाब नहीं होने पर आरोपी बच्चे को पास ही में बालू के ढेर पर डाल कर भाग गए।
इसकी जानकारी बच्चे के पिता को मोहल्ले की एक व्यक्ति ने दी। दो दिन तक तो मामले को गांव में रफा-दफा करने की कोशिश की गई, लेकिन तीसरे दिन गुरुवार की दोपहर को बच्चे को अपने साथ लेकर पिता कोतवाली हाथरस गेट पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ शिकायत की। एसएचओ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।