होंडा सिटी कार ने एक कार में जबरदस्त टक्कर मारी, जिससे कार आगे चल रही थार में जा घुसी। थार व होंडा सिटी सवार सुरक्षित थे, लेकिन दोनों ओर से टक्कर के कारण अर्टिगा कार सवार लोग घायल हो गए।
कोहरे के कारण हाईवे पर वाहनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। मथुरा-बरेली राजमार्ग पर मुरसान के गांव बगुली के पास तीन वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में एक ही कार में सवार सात लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद परिवार के सदस्य घायलों को बरेली ले गए।
विज्ञापन
बरेली के नवाबगंज भोजीपुरा निवासी ओविंद्र गंगवार अपने परिवार के साथ खाटू श्याम दर्शन करने जा रहे थे। परिवार के लोग अर्टिगा कार में थे। कोहरे के कारण गाड़ी की रफ्तार धीमी थी। देर रात लगभग साढ़े 12 बजे गांव बगुली के पास पीछे से आई होंडा सिटी कार ने उनकी कार में जबरदस्त टक्कर मारी, जिससे उनकी गाड़ी आगे चल रही थार में जा घुसी। तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
विज्ञापन
थार व होंडा सिटी सवार सुरक्षित थे, लेकिन दोनों ओर से टक्कर के कारण अर्टिगा कार सवार लोग घायल हो गए। घना कोहरा व देर रात होने के कारण परिवार घबरा गया। गाड़ी में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पीआरवी पहुंची, फिर मुरसान पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। हादसे में घायल लोगों को जिला अस्पताल लाया गया।
हादसे में ओविंद्र गंगवार के अलावा सुमन (30) पत्नी मेघ सिंह निवासी संजय नगर बरेली, आकाश (22) पुत्र लाजपत रॉय, मुन्नी देवी (60) पत्नी महेंद्रपाल, रामनिवास (27) पुत्र राजेंद्र, देव्यंती (35) पत्नी दिनेश व सपना (22) पत्नी योगेंद सभी निवासी नवाबगंज, भोजीपुरा, बरेली घायल हो गए। एसएचओ मुरसान वीपी गिरी ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। क्षतिग्रस्त वाहन कब्जे में लिए गए हैं। घटना की तहरीर नहीं मिली है।