संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जनपद में काफी स्कूल बिना मान्यता के चल रहे हैं, ऐसे स्कूलों पर अब शिक्षा विभाग भी सख्त है। जिले में बिना मान्यता के संचालित हो रहे तीन स्कूलों के संचालकों को बीएसए ने नोटिस जारी किया है। इन स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया गया है। नोटिस पर अमल नहीं करने वाले स्कूल संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
जिले में काउंसिल फॉर एलीमेंट्री एजुकेेशन न्यू दिल्ली से प्राप्त प्रमाण पत्र के आधार पर तीन प्राइवेट स्कूलों का संचालन हो रहा है। ऐसे स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। जिनमें सेंट पीटर्स स्कूल चित्रगुप्त नगर हाथरस, सेंट जेवियर्स स्कूल जलेसर रोड जैन गढ़ी हाथरस और खालिदा एजुकेशन एकेडमी छावीमियां कोठी के पीछे सादाबाद के नाम शामिल हैं। इनके द्वारा कोर्ट में भी मामले को ले जाया गया, लेकिन कोर्ट ने इनकी याचिका को खारिज कर दिया है।
नि:शुल्क व अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 के तहत होगी कार्रवाई
बीएसए ने नोटिस में स्पष्ट कहा है कि नि:शुल्क व अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम 2009 के अध्याय 4 में वर्णित स्पष्ट प्रावधान ‘‘कोई व्यक्ति, जो मान्यता प्रमाण पत्र अभिप्राप्त किए बिना कोई विद्यालय स्थापित करता है या चलाता है या मान्यता वापस लेने के बाद विद्यालय चलाना जारी रखता है, जुुर्माने से, जो एक लाख रुपये तक का हो सकेगा और उल्लंघन जारी रहने की दशा में जुर्माने से जो ऐसे प्रत्येक दिन के लिए, जिसके दौरान ऐसा उल्लंघन जारी रहता है दस हजार रुपये तक का हो सकेगा दायी होगा’’ के तहत कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
- जनपद में काउंसिल फॉर एलीमेंट्री एजुकेेशन न्यू दिल्ली के प्रमाण पत्र के आधार तीन स्कूलों का संचालन हो रहा है, जोकि गलत है। तीनों स्कूल संचालकों को नोटिस जारी कर स्कूल तत्काल प्रभाव से बंद कराने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा की स्थिति में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। - मनोज कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी।