वेबिनार के माध्यम से नई शिक्षा नीति पर चर्चा करते डीआईओएस व अन्य।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
नई शिक्षा नीति को लेकर डीआईओएस दफ्तर में वेबिनार का आयोजन हुआ। इस मौके पर डीआईओएस और वेबिनार में शामिल विशेषज्ञों ने शिक्षा नीति पर अपनी राय रखी और इसे आगे के लिए उपयोगी बताया।
नई शिक्षा नीति 2020 की जानकारी प्रधानाचार्यो, शिक्षक एवं अभिभावकों तक पहुंचाने के लिए और उनके सुझावों को एकत्रित करने के लिए वेबिनार का आयोजन हुआ। यह वेबिनार 19 सितंबर तक लगातार चलेगा। डीआईओएस सुनील कुमार ने नई शिक्षा नीति पर प्रकाश डाला गया, जिसमें शिक्षकों की मैपिंग कराने और छात्रों को व्यवसायिक शिक्षा देने पर जोर दिया। शिक्षकों की मैपिंग में स्पष्ट रूप से सभी शिक्षकों की योग्यता के साथ उनकी अतिरिक्त योग्यता को भी प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया, जिससे छात्रों के विकास में शिक्षकों की सभी योग्यताओं का समुचित उपयोग हो सके। प्रधानाचार्यों को अपने विद्यालय के आसपास कारखाने और कार्यशाला में विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा देने की संभावनाओं को तलाश करना होगा। संचालन प्रीतिका शर्मा प्रधानाचार्या श्री उमेशचंद्र कौशिक आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज हाथरस ने किया।
जवाहर स्मारक इंटर कॉलेज मीतई के प्रवक्ता एसपी सिंह, एमआई इंटर कॉलेज सिकंदराराऊ के प्रवक्ता प्रमोद कुमार पाराशर, पीबीएएस इंटर कॉलेज हाथरस के प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार शर्मा, नीरजा राना राजकीय हाईस्कूल दरकौली ने भी नई शिक्षा नीति पर अपने विचार पेश किए। वेबिनार में डॉ. मुकेश कुमार प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल बघना, विमला भारत प्रधानाचार्य राजकीय हाईस्कूल कोका, डॉ. राजेश कुमार शुक्ला प्रधानाचार्य पीबीएएस इंटर कॉलेज ने भी नई शिक्षा नीति 2020 के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अपने विचार रखे। इसमें लगभग 450 लोगों ने जूम एप एवं यू-ट्यूब लाइव के द्वारा प्रतिभाग किया।