हाथरस जिले के कस्बा सिकंदराराऊ के एक मोहल्ले में एक छात्रा को बंधक बनाकर एक युवक द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में थाना कोतवाली सिकंदराराऊ में तहरीर दी गई है। कस्बे के एक मोहल्ले की 14 वर्षीय छात्रा शुक्रवार की दोपहर को जब कोचिंग के लिए जा रही थी तो उसकी सहेली उसे अपने साथ ले गई।
आरोप है कि उसकी एक सहेली इस छात्रा को एक मकान में ले गई। वहां तीन लोग पहले से मौजूद थे। आरोप है कि एक नामजद ने इस छात्रा की सहेली व दो अन्य के सहयोग से इस छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और शाम तक उसे मकान में बंधक बनाए रखा।
बाद में धमकी देकर उसे छोड़ दिया। पीड़ित छात्रा ने अपने परिजनों को इस घटना के बारे में अवगत कराया। पीड़िता की मां ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शनिवार को थाना कोतवाली सिकंदराराऊ में तहरीर दी है।