जिले में मंगलवार को तीन लोगों की अलग-अलग परिस्थितियों में मौत हो गई। इन सभी को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है।
नाई का नगला में मंगलवार की शाम 60 वर्षीय बलने की संदिग्ध हालत में मौत हो गई । परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित किया। परिजनों ने चिकित्सकों को बताया कि बलने मधुमेह के मरीज थे। वे अचानक घर में गिर गए थे, जिसके बाद नहीं उठे। अस्पताल से पुलिस को इस घटना की सूचना भेजी गई। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है।
अन्य दो मौतें
नाई का नगला में ही 65 वर्षीय बहरुद्दीन की बीमारी के चलते मौत हो गई। उन्हें भी जिला अस्पताल लाया गया था। मौत की जानकारी मिलने पर परिजन शव वापस ले गए। मोहल्ला श्रीनगर में मंगलवार की दोपहर 55 वर्षीय संजय की खाना खाते समय मौत हो गई। परिजन उन्हें अचेत अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन रोते-बिलखते हुए शव घर ले गए।