कस्बा बिसावर में मंगलवार दोपहर इलाज के दौरान नई बस्ती निवासी बनी सिंह (60) की मृत्यु हो गई। गमी में शामिल होने आ रहे बलदेव क्षेत्र के गांव मगना निवासी मृतक के रिश्तेदारों की गाड़ी को पचावरी नहर पुल पर हथियारबंद लोगों ने रोक लिया और उसमें सवार लोगों को पीटा। घटना से नाराज ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक अंतिम संस्कार रोक दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही गमी में पहुंचे मृतक के परिजन व रिश्तेदारों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीण और मृतक के अन्य रिश्तेदार भी मौके पर एकत्रित हो गए। बताया गया है कि घटना बंबा के कब्रिस्तान के पास उर्मिला गार्डन के आसपास हुई। ग्रामीणों के मुताबिक बदमाशों ने सुनसान स्थान का फायदा उठाकर गाड़ी को घेरा और उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट की। इन लोगों ने लूटपाट का भी आरोप लगाया है।
मृतक के परिजनों का कहना है कि उनका परिवार पहले से ही गम में डूबा हुआ है। इस दौरान गमी में शामिल होने आ रहे रिश्तेदारों के साथ रास्ते में हुई घटना बेहद गंभीर है। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक घटना में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी पहुंच गई।
ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है। देर रात तक पुलिस ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए मनाने में जुटी थी। कोतवाली निरीक्षक विजय कुमार का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला मारपीट का लग रहा है। जांच की जा रही है।