क्षेत्र के गांव अधौन में एक पति ने अपनी पत्नी को इतना पीटा कि उसका तीन माह का गर्भ खंडित हो गया। पीड़िता ने मायके वालों के साथ पति के खिलाफ थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है।
कस्बा पिलखना निवासी रुबी ने बताया है कि छह माह पूर्व उसका निकाह गांव अधौन निवासी युवक के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति निठल्ला है, जब घर चलाने के लिए वह पैसा मांगती है तो उत्पीड़न व मारपीट करता रहता है। बुधवार को पति ने उसे बेरहमी से पीटा और जमीन पर गिराकर उसके पेट पर पैरों को मारा, जिससे उसका तीन माह का गर्भ खंडित हो गया और उसकी तबीयत बिगड़ गई। पीड़िता ने मोबाइल से अपने मायके वालों को जानकारी दी। डॉक्टरों ने कहा कि पुलिस में शिकायत होने के बाद ही वह उसका उपचार करेंगे। बुधवार की रात पीड़िता मायके वालों के साथ थाने पहुंची और पुलिस को घटना के बारे में बताया। घटना के संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि पीड़िता को उपचार के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।