संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
सहपऊ के गांव आरती मोड़ के निकट एक ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार तीन युवकों में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर बैठा एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य दोनों युवक चोटिल हो गए। गंभीर रूप से घायल हुए युवक को सीएचसी से आगरा के लिए रेफर कर दिया गया। आगरा से परिजन युवक को उपचार के लिए जयपुर ले गए।
जानकारी के मुताबिक, सहपऊ के मोहल्ला जाटवपुरी निवासी कृष्णकांत उर्फ कालू पुत्र महेशचंद्र अपने छोटे भाई दिवाकर और मनीष पुत्र विजय सिंह इंटर की परीक्षा देने के लिए गांव बहरदोई स्थित परीक्षा केंद्र पर बाइक से जा रहा था तो इसी दौरान गांव आरती मोड़ पर मंदिर के निकट ही एक आलू लदी ट्रैक्टर ट्रॉली और बाइक में भिंडत हो गई। करीब 20 वर्षीय कृष्णकांत उर्फ कालू ट्रॉली के पहिये की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मनीष और दिवाकर भी चोटिल हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी पर उपचार के लिए लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत में उसे आगरा के लिए रेफर कर दिया। आगरा से उसे उपचार के लिए जयपुर ले जाया गया। फिलहाल, कृष्णकांत की हालत काफी गंभीर बनी हुई थी। मौके पर परिजन भी काफी परेशान थे।