जलेसर रोड पर करंट की चपेट में आने से तीन गोवंश की मौत
गुस्साए लोगों ने रोड पर जाम लगाने का किया प्रयास, प्रदर्शन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। शहर के जलेसर रोड पर बर्फखाना के निकट बिजली के खंभे में करंट आने से तीन गोवंश की मौत हो गई। बिजली महकमे के रवैये से गुस्साए लोगों ने रोड जाम करने का प्रयास करते हुए प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि शहर में आए दिन बिजली खंभों में करंट आ रहा है। इस कारण करंट की चपेट में आने से गोवंश की मौत हो रही है। रविवार को बंदरवन व श्रीनगर पीपल चौक में दो गोवंश की मौत हो गई। सोमवार की सुबह शहर के जलेसर रोड पर बर्फखाना के निकट बिजली के खंभे में करंट की चपेट में आने से तीन गोवंश की मौत हो गई।
सूचना पर हिंदूवादी व अन्य लोग पहुंच गए। लोगों ने जाम लगाने का प्रयास करते हुए नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सूचना पर बिजली अधिकारी पहुंचे। करंट आने के कारणों का पता लगाया। इस मामले में एसडीओ विवेक वर्मा का कहना है कि उपभोक्ता के केबल कट गए। उससे खंभे में करंट आ गया। सभी उपभोक्ताओं को केबल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं।