आरा मशीन में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
- फोटो : Samvad
जीटी रोड लाला नगला स्थित आरा मशीन में शुक्रवार की सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन विभाग की दमकल ने पहुंचकर आग बुझाई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आरा मशीन मालिक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी है, जिसमें आशंका लोगों पर आग लगाने का शक जताया है।
जिस हाल में आरा मशीन लगी थी, आग लगने से वह पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। जीटी रोड स्थित लाला नगला में पवन माहेश्वरी की आरा मशीन वर्षों से लगी है। बृहस्पतिवार की रात्रि वह आरा मशीन को बंद करके घर चले गए। शुक्रवार की सुबह करीब पौने पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि आरा मशीन से आग की लपटें उठ रही हैं।
मशीन स्वामी मौके पर आ गए और उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। अग्निशमन विभाग की दमकल ने मौके पर पहुंचकर जब तक आग बुझाई, तब तक पूरा हॉल और हजारों रुपये कीमत की लकड़ी जलकर राख हो गई। मशीन के आसपास रखी सैकड़ों क्विंटल लकड़ी सुरक्षित बच गई, वरना हादसा गंभीर हो सकता था। पवन माहेश्वरी का कहना है कि अज्ञात लोगों ने आग लगाई है, क्योंकि आसपास कहीं भी बिजली की कोई लाइन नहीं है।
गुमटी में आग लगने से हजारों का सामान जला
सिकंदराराऊ। जीटी रोड स्थित पार्क के गेट पर सब्जी मंडी के समीप शुक्रवार की शाम करीब छह बजे लकड़ी की गुमटी में बिजली के तारों से निकली चिंगारी से आग लग गई। आग से गुमटी और उसमें रखा चाय बनाने का सामान, गुटका आदि सामान जल गया। फायर ब्रिगेड की दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। चिंता तो तब बढ़ गई, जब यह पता चला कि गुमटी के अंदर सिलिंडर रखा हुआ है। अगर सिलिंडर फट गया तो हादसा गंभीर हो सकता है। लिहाजा लोगों ने गुमटी का ताला तोड़कर जैसे-तैसे सिलिंडर को बाहर निकाला। संवाद