राष्ट्रीय-राजमार्ग के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के दयानतपुर के पास शुक्रवार शाम एक कार का टायर फट गया। कार सामने आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी से जा टकराई। हादसे में अलीगढ़ निवासी अधिवक्ता की मौत हो गई।
अलीगढ़ के किशनपुर तिराहा निवासी सुरेश कुमार वर्मा एडवोकेट (73) पुत्र मुरारी लाल वर्मा अधिवक्ता थे। शुक्रवार की शाम को वह आगरा से वापस अलीगढ़ लौट रहे थे। कार को अधिवक्ता का चालक चला रहा था। जैसे ही कार कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित दयानतपुर के पास पहुंची तो आगे का टायर फट गया।
कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी से टकरा गई। हादसे में अधिवक्ता व स्कॉर्पियो कार सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर कोतवाली हाथरस गेट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को बागला संयुक्त जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने अधिवक्ता सुरेश कुमार वर्मा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी पुलिस ने मृतक के परिजनों को दे दी थी।