मधुगढ़ी में यादव कंपाउंड में चोरों ने चार गोदामों की छत काटकर हजारों की चोरी को अंजाम दे दिया। इससे पहले भी इस कंपाउंड में कई बार चोरी हो चुकी है।
यादव कंपाउंड में कई गोदाम हैं। चोरों ने जिन गोदामों की छतें काटीं, उनमें से एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का है। दूसरा कपड़ों का, तीसरा थिनर का और चौथा गोदाम ऑटो पार्ट्स का है। चोर एक कपड़े के गोदाम से कुछ नहीं ले जा सके। ग्रीन कैरियर ट्रांसपोर्ट के इस गोदाम में चोरों ने साड़ियाें की एक गठरी ले जाने की कोशिश की लेकिन बाद में चोर उसे वहीं छोड़ गए।
इससे पहले इसी ट्रांसपोर्ट कंपनी के इसी गोदाम में दो बार चोरी हो चुकी है। पिछली बार चोर लाखों की नकदी ले जाने में कामयाब रहे थे।
ट्रांसपोर्ट कंपनी के इस गोदाम के अलावा कपड़े के एक गोदाम में भी चोरी की कोशिश बेकार गई।
यहां से भी चोर कुछ नहीं ले जा सके। तीसरे गोदाम में थिनर और केमिकल के ड्रम रखे हुए थे। चोर ड्रमों को साथ नहीं ले जा सकते थे इसलिए वहां भी छत काटने की चोरों की मेहनत बेकार गई। ऑटो पार्ट्स के गोदाम से चोर दस हजार रुपये नकद, एक एलईडी व दो मोबाइल फोन ले गए।
यह गोदाम कृष्णा इंडस्ट्रीज के मालिक गौरव मोहता निवासी इंडस्ट्रियल एरिया का है।
उन्होंने सदर कोतवाली पुलिस से चोरी की शिकायत की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। सदर कोतवाल मनोज शर्मा के मुताबिक जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।