सादाबाद क्षेत्र के गांव बिधिपुर में शनिवार रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए। विरोध करने पर गृहस्वामिनी पर हमला हुआ। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित देवेश कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में चालक हैं और उनकी पत्नी ज्योति बच्चों के साथ गांव में रहती हैं। घटना वाली रात घर में केवल ज्योति और बच्चे मौजूद थे। देर रात दो अज्ञात बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवर ले गए।
चोरी हुए सामान में दो पायजेब, एक हाफ करधनी, एक फुल करधनी और एक सोने की अंगूठी शामिल है, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। जब बदमाश भाग रहे थे, तभी छत पर सो रही ज्योति की आंख खुल गई। शोर मचाने पर बदमाशों ने छत पर रखा चायदान उठाकर उन पर फेंक दिया, जिससे वह घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए, लेकिन तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग चुके थे।
सूचना मिलने पर देवेश कुमार गांव पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिसावर चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।