हाथरस। त्योहारों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस व प्रशासन ने कमर कस ली है। शहर के प्रमुख बाजारों में तीन से 12 नवंबर तक डायवर्जन लागू रहेगा।
सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित डायवर्जन पॉइंट से मुख्य बाजारों की ओर जाने वाले मार्गों पर सभी प्रकार के ई-रिक्शा, ऑटो, टेंपो और अन्य भारी या मध्यम वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सासनी गेट चौराहा से कमला बाजार की तरफ, पेट्रोल पंप, तालाब चौराहा, पंजाबी मार्केट की तरफ, महिला थाने के सामने मोहनगंज (घंटाघर) की तरफ, बांस मंडी चौराहा की तरफ प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, घास मंडी तिराहा से घंटाघर की ओर, बुर्ज वाला कुआं तिराहा से मुख्य बाजार की तरफ इन वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
इसी तरह चूना वाला डंडा तिराहा से बाजार की तरफ, चामड़ गेट चौराहा से घंटाघर बाजार की तरफ, मेंडू गेट चौराहा से सर्कुलर रोड, जामा मस्जिद चौराहे से घंटाघर बाजार की तरफ वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। नयागंज चौराहा व सादाबाद गेट चौराहा पर बैरियर से आगे वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि लोगों से अनुरोध किया जा रहा है कि त्योहारों के दौरान खरीदारी के लिए बाजारों में आते समय अनावश्यक रूप से वाहन न लाएं। बाजारों में सुगम आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।