हाथरस। त्योहार की तैयारियों के बीच सोमवार को शहर के कई इलाकों में बिजली कटौती से उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ी। फीडरों पर मरम्मत कार्य के चलते सुबह से दोपहर तक अलग-अलग क्षेत्रों की आपूर्ति बंद रही। बिजली न मिलने से घरों में साफ-सफाई और दुकानदारों के कामकाज पर असर पड़ा।
ओढ़पुरा बिजलीघर पर सुबह सात बजे मरम्मत शुरू हुई। वहीं कांशीराम योजना उपकेंद्र पर सुबह आठ से दोपहर एक बजे तक बिजली बंद रही। इससे कांशीराम कॉलोनी, जलेसर रोड, चामड़ गेट, अईपुरा, नयाबांस, विक्रांत नगर समेत 12 से अधिक मोहल्लों में प्रभावित हुए। प्रगतिपुरम उपकेंद्र पर सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक काम चला। इसके चलते बागला अस्पताल, नवल नगर, इंडस्ट्रियल एरिया, साकेत कॉलोनी, अलीगढ़ रोड और विष्णुपुरी समेत कई क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही।
फीडरों को दुरुस्त करने में जुटी टीमें
बिजली विभाग की टीमों ने पेड़ों की छंटाई, ढीले तार कसने और खराब इंसुलेटर बदलने का काम किया। अधिशासी अभियंता शहर संदीप कुमार ने बताया कि नियमित मरम्मत से अचानक होने वाले फॉल्ट रोकने में मदद मिलेगी। उपभोक्ताओं को पहले ही कटौती की सूचना दे दी गई थी।
बातचीत
- दिवाली को लेकर घरों में सफाई और अन्य काम चल रहे हैं। ऐसे समय में बिजली बंद रहने से घरेलू काम प्रभावित हुए। कई काम समय पर पूरे नहीं हो सके। - सोनू वर्मा, गृहणी।
- सफाई और रसोई से जुड़े कई काम करने थे। आपूर्ति बाधित होने से परेशानी हुई। त्योहार के दिनों में बिजली कटौती का समय ध्यान में रखा जाना चाहिए। - सुनीता, गृहणी।
- त्योहारी सीजन में दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ जाती है। बिजली न रहने से लाइट और अन्य विद्युत उपकरणों का इस्तेमाल नहीं हो सका, जिससे कामकाज प्रभावित हुआ। - आशु सिद्धकी, दुकानदार।
- फीडरों की मरम्मत और रखरखाव जरूरी है, ताकि अचानक बिजली गुल होने की समस्या न आए। उपभोक्ताओं की सुविधा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। -जितेंद्र वार्ष्णेय, कारोबारी।