कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ा सुल्तानपुर में बृहस्पतिवार को राशन डीलर के चयन को लेकर ब्लाॅक स्तरीय अधिकारियों व कोतवाली पुलिस के सामने ही दो पक्षों में झगड़ा हो गया।
ग्राम पंचायत खेड़ा सुल्तानपुर में कुछ दिन पहले उपभोक्ताओं की शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारियों ने जांच कराई थी। अनियमितताएं पाए जाने पर राशन डीलर को हटा दिया गया था। इसके बाद आपूर्ति विभाग ने नए डीलर के चयन के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर खुली बैठक कराए जाने की तैयारी शुरू कर दीं। अधिकारियों ने खुली बैठक के लिए ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों समिति बनाई।
खुली बैठक के लिए बृहस्पतिवार को एडीओ आईएसबी भूपेंद्र सिंह और एडीओ पंचायत प्रेमकिशोर यादव ब्लॉक के कर्मचारियों के साथ गांव खेड़ा सुल्तानपुर पहुंच गए। दोनों एडीओ ने पंचायत भवन परिसर में खुली बैठक की मुनादी कराई। किसी स्वयं सहायता समूह के सक्रिय नहीं होने के कारण गांव के ही साधारण स्तर के आम जनमानस से राशन डीलर के पद के लिए आवेदन कराए गए।
पुलिस की मौजूदगी में ही आवेदकों के समर्थकों की कतार लगवाकर गिनती कराई गई। इस दौरान एक पक्ष गिनती पर सवाल उठाते हुए फिर से गिनती कराने की मांग करने लगा। दूसरे पक्ष ने इसका विरोध किया, जिससे दोनों में झगड़ा हो गया। सलेमपुर पुलिस चौकी प्रभारी महावीर सिंह ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास, लेकिन जब झगड़ा शांत होता नहीं दिखा तो ब्लॉक से आए अधिकारियों ने यह कहकर निर्णय सुनाने से इन्कार कर दिया कि अगली तारीख पर फिर खुली बैठक कर इसकी घोषणा करराएंगे। एडीओ आईएसबी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि खेड़ा सुल्तानपुर में राशन डीलर के चयन के लिए बुलाई गई खुली बैठक में दो पक्षों के बीच झगड़ा होने लगा था। इस कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा।