गांव बघना में बीती रात बरात चढ़त के दौरान बरातियों और ग्रामीणों के बीच मारपीट हो गई। पिटाई से एक किशोर घायल हो गया। मौके पर पहुंचीं पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया।
मंगलवार रात को गांव बघना निवासी ओमवीर सिंह की बेटी की बरात बुलंदशहर जिले के थाना अरनिया क्षेत्र के गांव सूरतपुर कलां से आई थी। बरात की चढ़त के दौरान ग्रामीणों से किसी बात बरातियों से कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी और लाठी-डंडे चल गए। पिटाई में एक किशोर सिर और मुंह में डंडा लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
झगड़े से गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल किशोर को जिला अस्पताल पहुंचाया। बाकी लोग पुलिस को देखकर मौके से भाग गए। सीओ हिमांशु माथुर का कहना है कि इस मामले में तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कर मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।