पुलिस की तमाम कोशिशें चोरों के आगे नाकाम साबित हो रही हैं। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव मेवली में चोरों ने एक किसान के घर क ो निशाना बनाया। चोर मकान के मेन गेट के दरवाजे का ताला चटकाकर पांच लाख के जेवरात और हजारों की नगदी ले गए। पुलिस को चोरी की शिकायत की गई है।
किसान भूपेंद्र पुत्र तालेवर का मकान गांव में बाहर की ओर है। मकान चारों ओर से खुला हुआ है। चोरों ने मौका देख शुक्रवार रात मकान के मुख्य दरवाजे का ताला चटका दिया। घर में मौजूद लोग गहरी नींद सोये हुए थे। चोर घर से दो सोने के पेंडल, आठ जोड़ी चांदी की पायल, आठ सोने की अंगूठी, तीन सोने की चेन, चार सोने की चूड़ी, एक सोने की कमरबंद और 4500 रुपये ले गए। भूपेंद्र के मुताबिक चोर चार से पांच लाख रुपये की चपत लगा गए। पुलिस ने चोरी की शिकायत पर गांव पहुंचकर पड़ताल की है। चोरी की शिकायत दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है।