शहर के अलीगढ़ रोड स्थित इंदिरा नगर कॉलोनी में सोमवार की दोपहर में बदमाश छत के रास्ते एक मकान के अंदर दाखिल हो गए और ताला तोड़कर वहां से लाखों रुपये कीमत के गहने, नकदी लैपटॉप, एलईडी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। कोतवाली हाथरस गेट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन की।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड स्थित इंदिरा नगर कॉलोनी निवासी भोलाराम शर्मा सोमवार को अपने परिवार के साथ किसी काम से बाहर गए थे। उनके मकान में ही प्रमोद कुमार शर्मा पुत्र पन्नालाल शर्मा भी किराये पर रहते हैं। बताया जाता है कि दिन में घर पर कोई नहीं था। इस बीच घर की चहारदीवारी को फांदकर बदमाश घर के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने घर के ताले चटका दिए और आराम से पूरे घर को खंगाल डाला। बदमाश घर में रखे लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने, हजारों रुपये की नकदी, लैपटॉप, एलईडी आदि सामान चोरी कर ले गए।
घटना का पता शाम को उस समय लगा, जब भोला शर्मा घर लौटे। घर का हाल देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मौके पर कॉलोनी के काफी लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन में जुट गई। सीओ सिटी रामप्रवेश राय का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।