सराफ की दुकान में चोरी से पहले शातिर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। घटना से सात मिनट पहले दो सिपाही सराफ की दुकान पर पहुंचे थे तथा फोटो डालकर उच्च अधिकारियों को पेट्रोलिंग की जानकारी दी थी। इनके जाते ही शातिर दुकान पर पहुंचे और घटना को अंजाम दिया।
विज्ञापन
13 नवंबर रात चोरों ने पवन वर्मा की गांव तिपरस स्थित दुकान को निशाना बनाया। पवन के बेटे गगन वर्मा इस दुकान पर बैठते हैं, उन्हीं की तहरीर पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। अन्य चोरियों की तरह ही इस मुकदमे में भी चोरी हुए माल का मूल्य नहीं खोला गया है। तिजोरी जाने से पुलिस की नींद उड़ी हुई है। पीड़ित ने बताया कि पड़ोसी दुकानदार के सीसीटीवी में दिखा है कि चोर देर रात 1.47 पर घटना को अंजाम देने पहुंचे। सराफ के कैमरों की डीवीआर तो चोर ले गए थे, लेकिन पड़ोसी के कैमरों पर केवल स्प्रे कर खुद को छिपाया। सराफ ने बताया कि घटना से सात मिनट पहले बाइक पर दो पुलिस कर्मी तिपरस पर पहुंचे थे तथा लोकेशन के लिए फोटो भी खींचा था।
यह भी पढ़ें... सीसीटीवी कैमरों पर छिड़का स्प्रे: दुकान से लाखों के जेवरात भरी तिजोरी उठा ले गए चोर, फिल्मी स्टाइल में की चोरी
पुलिस के जाते ही चोर दुकान पर पहुंचे और घटना को अंजाम दिया गया। शनिवार को भी पुलिस छानबीन के लिए तिपरस व आस-पास के क्षेत्रों में पहुंची। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुराने गिरोह की भी स्क्रीनिंग की जा रही है, जो इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हों।
चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही चोर पुलिस की गिरफ्त में होंगे। घटनाएं रोकने के लिए पुलिस पिकेट बढ़ाई गई है। सराफा की दुकानों व बैंक आदि पर विशेष नजर रखी जा रही है। - योगेंद्र कृष्ण नारायण, सीओ सिटी।