कंटेनर की टक्कर से एक युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना सादाबाद में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में ग्राम गुरसौटी निवासी कृष्ण कुमार उर्फ किशन सिंह ने बताया कि 24 जनवरी की शाम पांच बजे उनका 26 वर्षीय पुत्र वीरपाल अपने ही गांव के अशोक (24) के साथ बाइक से सादाबाद जा रहा था।
जैसे ही दोनों हिंदुस्तान होटल के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक कंटेनर के चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वीरपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल सीएचसी सादाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अशोक को प्राथमिक उपचार के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। संवाद
मैजिक ने कार में मारी टक्कर
सादाबाद। सादाबाद में हाथरस रोड पर चिंता हरण मंदिर के पास एक अनियंत्रित मैजिक लोडर ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुुुंच गई और दोनों वाहन चालकों को समझाया। इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई।