स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं का कई दिनों से चल रहा इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया। विद्युत निगम ने जिले के करीब 1.45 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के बिजली बिल जारी कर दिए हैं। उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर इसकी सूचना भी भेजी गई, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बिल जनरेट होने में हुई देरी के कारण पिछले कई दिनों से उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। कई लोग अनुमान से अधिक बिल आने की आशंका जता रहे थे, जबकि कुछ उपभोक्ता समय पर भुगतान न कर पाने से चिंतित थे। अब बिल जारी होने के बाद उपभोक्ता अपने बकाया भुगतान की स्थिति स्पष्ट रूप से देख सकेंगे।
विद्युत निगम के अनुसार उपभोक्ता अपना बिल ऊर्जावान एप, यूपीपीसीएल एप, विभाग की आधिकारिक वेबसाइट तथा नजदीकी बिलिंग काउंटरों से प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा बिल की सूचना सीधे मोबाइल पर भी उपलब्ध कराई गई है। आंकड़ों के अनुसार केवल हाथरस शहर के लगभग 32,500 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए जून माह में करीब 9.85 करोड़ रुपये के बिल जनरेट हुए हैं।
जिले के लगभग 1.45 लाख उपभोक्ताओं के लिए करीब 40 करोड़ रुपये की बिलिंग की गई है। विद्युत निगम ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की अपील की है। विभाग की ओर से 23 जून को बिल भुगतान की अंतिम तिथि तथा 30 जून को विच्छेदन तिथि निर्धारित की गई है।
बिलिंग का आंकड़ा
-जिले के स्मार्ट मीटर उपभोक्ता : करीब 1.45 लाख
-हाथरस शहर के उपभोक्ता : करीब 32,500
-शहर में तैयार हुए बिल : करीब 9.85 करोड़ रुपये
-जनपद में कुल बिलिंग : करीब 40 करोड़ रुपये
-देय तिथि : 23 जून
-विच्छेदन तिथि : 30 जून
दूसरे शनिवार और रविवार को भी खुलेंगे काउंटर
उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए इस सप्ताह दूसरे शनिवार एवं रविवार को भी विद्युत निगम के बिलिंग काउंटर खुले रहेंगे। इससे उपभोक्ता अवकाश के दिनों में भी बिल जमा कर सकेंगे और विलंब शुल्क या अन्य कार्रवाई से बच सकेंगे।
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के सभी बिल जारी कर दिए गए हैं। उपभोक्ताओं से समय से भुगतान करने की अपील की गई है। किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित उपखंड कार्यालय या बिलिंग केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।
-अजीत कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत