सादाबाद में पटरी टूटने से खेत में भरा हुआ रजबहे का पानी। संवाद
- फोटो : Samvad
गांव रसीदपुर में मंगलवार की सुबह पानी के तेज बहाव से रजबहे की पटरी कटने से कई बीघा आलू की फसल जलमग्न हो गई। फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
पटरी कटने की सूचना पर मौके पर काफी किसान एकत्रित हो गए। किसानों ने इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने खुद ही टूटी हुई पटरी की मरम्मत की और रजबहे के पानी को खेतों में जाने से रोका।
किसानों ने बताया कि पहले भी कई बार रजबहे की पटरी टूट चुकी है और हर बार किसानों को इसका नुकसान झेलना पड़ता है। प्रशासन की ओर से न तो कोई कार्यवाही होती है और न बर्बाद फसल का मुआवजा मिलता है। सिंचाई विभाग के अधिकारी भी किसानों की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं।