ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। ठेका उठने के बाद अब सांस्कृतिक व पारंपरिक कार्यक्रमों के संयोजक तय करने पर माथापच्ची की जा रही है। सोमवार को प्रशासन की ओर से कार्यक्रमों की अंतिम सूची और उनके संयोजकों के नामों का ऐलान किया जाएगा।
मेले में आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक, कुश्ती दंगल और अन्य खेलकूद के कार्यक्रमों के संयोजन के लिए इस बार कुल 104 लोगों ने आवेदन किए थे। कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और संयोजकों के चयन को लेकर शनिवार देर शाम जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सूची को अंतिम रूप दिया गया।
मेले के प्रमुख आयोजन जैसे अखिल भारतीय बुर्ज कुश्ती दंगल, संगीत सम्मेलन, पंजाबी दरबार, लाफ्टर शो और धर्म सम्मेलन पर हर किसी की नजर है। इन बड़े और प्रतिष्ठित कार्यक्रमों का संयोजक बनने के लिए आवेदकों के बीच खींचतान देखने को मिल रही है। दावेदार अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए तरह-तरह के जोड़-जुगाड़ और सिफारिशों में जुटे हैं।
मेला प्रशासन का प्रयास है कि पारदर्शी तरीके से अनुभवी लोगों को ही इन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि मेले का 115वां आयोजन ऐतिहासिक और भव्य रूप से संपन्न हो सके।