राजस्व अभिलेखों में जीवित लोगों को मृत दर्शा दिया गया। इसकी शिकायत तहसीलदार से शिकायत की गई है। तहसीलदार ने शिकायत की गंभीरता से जांच कराने का आश्वासन दिया है।
गांव कुरसंडा निवासी विवेक बंसल पुत्र उत्तम सिंह ने तहसीलदार को शिकायती पत्र सौंपा। पत्र में उन्होंने बताया कि वह अपने गांव के ही रामनारायण व राकेश कुमार हाल निवासी मथुरा की गांव कुरसंडा स्थित कृषि भूमि की पिछले करीब 30 वर्षों से देखरेख करते हैं। संपत्ति की देखरेख के लिए उन्हें 21 जुलाई 1997 को अधिकृत किया था और उन्हें संपत्ति के इकरारनामा व विक्रय करने का अधिकार दिया था।
वृद्धावस्था होने के कारण रामनारायण व राकेश कुमार घर पर ही निवास करते हैं। आरोप है कि लेखपाल व राजस्व निरीक्षक ने आगरा के टेढ़ी बगिया निवासी एक व्यक्ति से साजिश कर दोनों को राजस्व अभिलेखों में मृतक दर्शा दिया है, जबकि दोनों जीवित हैं। विवेक ने प्रकरण की गंभीरतापूर्वक जांच कर दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है। तहसीलदार अंजली सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।