विकास भवन परिसर में तंबाकू व पान मसाला का सेवन रोकने के लिए सख्ती बरती जा रही है। बुधवार को मुख्य गेट को बंद कराकर परिसर में प्रवेश से पहले अफसर व कर्मियों की तलाशी ली गई। कई की जेब से पान मसाला व तंबाकू के पाउच निकले।
यह कार्रवाई मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित के निर्देश पर की गई। विकास भवन के मुख्य द्वार को अस्थायी रूप से बंद कर दूसरे गेट से प्रवेश की व्यवस्था बनाई गई। वहां होमगार्डों को तैनात कर प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी की तलाशी कराई गई।
गौरतलब है कि विकास भवन परिसर में लंबे समय से पान मसाला व तंबाकू खाकर इधर-उधर थूकने की शिकायतें मिल रहीं थीं। सीडीओ पीएन दीक्षित ने बताया कि दीवारों पर अक्सर पान मसाला खाकर थूकने के निशान देखने को मिलते थे। इस कारण यह कदम उठाया गया है।