भीषण गर्मी के बीच जिले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आ रही है। कहीं कटौती तो कहीं ट्रांसफार्मरों पर फ्यूज उड़ने और फॉल्ट के कारण लोग घंटों बिजली संकट झेलने को मजबूर हैं। शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी हालात खराब बने हुए हैं।
लगातार बढ़ती बिजली मांग और ओवरलोडिंग के चलते बार-बार ट्रिपिंग हो रही है। इससे लोगों को रात के समय सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कूलर और पंखे बंद होने से लोग पूरी रात जागकर काटने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। पेयजल आपूर्ति, बच्चों की पढ़ाई और रात की नींद तक प्रभावित हो रही है।
वहीं, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार सिंह का कहना है कि गर्मी में बढ़ते लोड और तकनीकी फॉल्ट के चलते समस्या आ रही है, जिन्हें ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है।
जंक्शन क्षेत्र में पूरी रात गुल रही बिजली
हाथरस जंक्शन क्षेत्र में कंट्रोल से कटौती के चलते मंगलवार रात करीब 11 बजे बिजली गुल हो गई। इसके बाद सुबह करीब पांच बजे आपूर्ति सुचारू हो सकी। पूरी रात बिजली न रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी में भारी परेशानी उठानी पड़ी।
बिसावर में फ्यूज उड़ने से छह घंटे तक नहीं आई बिजली
बिसावर कस्बा और आसपास के गांवों में बुधवार सुबह करीब सात बजे कई ट्रांसफार्मरों के बारी-बारी से फ्यूज उड़ने के कारण बिजली आपूर्ति ठप रही। दोपहर करीब एक बजे सप्लाई बहाल हो सकी।
सासनी क्षेत्र में शाम ढलते ही बढ़ रही परेशानी
सासनी क्षेत्र के गांव लरोता, जसराना और देदामई में मंगलवार को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक ही बिजली व्यवस्था कुछ हद तक सामान्य रही। शाम होते ही ओवरलोडिंग के कारण फीडरों से बार-बार आपूर्ति कटती रही।
सिकंदराराऊ क्षेत्र में रात एक बजे आई बिजली
सिकंदराराऊ क्षेत्र के चिरायल, अगसौली और कचौरा आदि गांवों में मंगलवार शाम से ही बिजली गुल हो गई थी। रात करीब एक बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन बुधवार सुबह चार बजे के बाद फिर फॉल्ट और कटौती के कारण बिजली बाधित हो गई। इससे ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बामौली फीडर पर दिनभर ट्रिपिंग से परेशान रहे लोग
बामौली फीडर के अंतर्गत आने वाले पाराशर, रोहई, छाछपुर और अर्जुनपुर आदि गांवों में बुधवार सुबह चार बजे से कटौती शुरू हो गई। सुबह 7:15 बजे केवल 15 मिनट के लिए बिजली आई और फिर फॉल्ट के कारण करीब 10 बजे तक आपूर्ति बंद रही। इसके बाद भी देर शाम तक बार-बार ट्रिपिंग होती रही।