गर्मी के तेवर लगातार तल्ख हो रहे हैं। 24 घंटे के भीतर ही अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस की छलांग लगाकर 41 डिग्री तक पहुंच गया। सोमवार को गर्म हवाओं की मार से लोग बेहाल रहे। सड़कों पर आवाजाही कम रही, जिससे प्रमुख मार्गाें पर भी पूरी दोपहर सन्नाटा पसरा रहा। सूखते कंठ को तर करने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते नजर आए
सोमवार को सुबह नौ बजे के बाद से ही हल्की गर्म हवाएं चलना शुरू हो गईं। दिन चढ़ते-चढ़ते सूरज की तपिश झुलसाने लगी और गर्म हवाओं की मार और तल्ख होती गई। दोपहर में लोग बेहद जरूरी काम से ही घरों से निकले, जिससे सड़कों पर आवाजाही कम रही। दुकानदार भी दुकानों के अंदर बैठकर दोपहरी का वक्त काटते नजर आए।
पूरी दोपहर लोग गर्मी से पसीना-पसीना होते रहे। छुट्टी के बाद स्कूलों से घर पहुंच रहे बच्चे भी गर्मी से बेहाल नजर आए। धूप का असर इस कदर रहा कि दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। राहगीर सड़कों के किनारे छांव तलाशते नजर आए। मजबूरी में जिन लोगों को दोपहरी में निकलना भी पड़ा तो वह सिर से पांव तक ढंककर निकले। चिलचिलाती धूप का असर ढकेल और रिक्शा चालकों पर ज्यादा देखने को मिला। मौसम विभाग का कहना है कि पारे में बढ़ोतरी का यह सिलसिला अगले तीन दिन तक चलेगा। गर्म हवाओं की मार और सताएगी।
,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,,
गर्मी से बचने के लिए करें यह उपाय
-घर से बाहर निकलते समय हल्के, ढीले-ढाले और हल्के रंग के कपड़े पहनें।
-बाहर निकलते समय टोपी और धूप का चश्मा लगाएं, और सनस्क्रीन का उपयोग करें।
-दिन के सबसे गर्म समय दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच घर से बाहर जाने से बचें।
-घरों में भी कूलर आदि का प्रयोग करें, ताकि शरीर के तापमान को नियंत्रित रखा जा सके।
-शरीर को ठंडा रखने के लिए गीले कपड़े का उपयोग करें।
-फल और सब्जियों का अधिक सेवन करें और ज्यादा मसालेदार खाने से बचे।
-शुद्ध पेयजल का भरपूर सेवन करें, फास्ट फूड और बाहर का खाना खाने से बचें।