बिसावर में आम दिनों की तरह खुली दुकानें। संवाद
- फोटो : Samvad
तीन दिन सात साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना के विरोध में दो दिन से बंद बाजार मंगलवार को सामान्य दिनों की तरह खुल गए। कस्बे में तनावपूर्ण खामोशी पसरी रही। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही और अधिकारी गांव का भ्रमण कर हालात का जायजा लेते रहे।
गौरतलब है कि इस घटना के विरोध में रविवार व सोमवार को गांव बिसावर व मई के बाजार बंद रहे। लोगों ने बिसावर में एकत्रित होकर धरना-प्रदर्शन किया था। मंगलवार को बाजार तो खुल गए, लेकिन हर जुबां पर घटना की ही चर्चा रही।
इधर, पूरे दिन पुलिस व पीएसी गांव बिसावर में भ्रमण करती रही। अधिकारी पल-पल पर गांव में आकर हालात का जायजा लेते रहे। सीओ हिमांशु माथुर, एसडीएम संजय कुमार ने भी गांव में पहुंचकर स्थिति देखी और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इधर, आरोपी और पीड़ित बच्ची के घर के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। धार्मिक स्थल से लेकर धरना स्थल पर भी पुलिस सक्रिय बनी रही। पीड़ित बच्ची के घर परिजनों को सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा।