बच्ची से दुष्कर्म के विरोध में गांव कुरसंडा में बंद पड़ा बाजार। संवाद
- फोटो : Samvad
बिसावर चौकी क्षेत्र में तीन दिन पूर्व सात साल की बच्ची से हुई दुष्कर्म की घटना पर बिसावर और मई के बाद मंगलवार को कुरसंडा के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने छह घंटे तक बाजार बंद रखा और करीब तीन घंटे तक मई-कुरसंडा तिराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया।
आक्रोशित ग्रामीण आरोपी को फांसी देने और उसके घर पर बुलडोजर चलवाने की मांग कर रहे थे। जाम व प्रदर्शन में ग्रामीणों व दुकानदारों के अलावा कई राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आरोपी युवक ने घिनौनी कारतूत को अंजाम दिया गया है। घटना करने के दौरान आरोपी ने दरिंदगी दिखाई है, इसलिए उसे फांसी की सजा से कम सजा नहीं होनी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित बच्ची व उसके परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि मांग नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इधर, मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रूपेंद्र चौधरी पहुंचे और उन्होंने जाम लगा रहे लोगों को समझाया कि प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। आरोपी को सख्त सजा जरूर मिलेगी। पीड़ित परिवार को मुआवजा भी मिलेगा, लेकिन जाम नहीं खोला गया।
जाम के चलते मार्ग पर दोनों तरफ आवागमन बंद हो गया। मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक अनिल कुमार ने भी ग्रामीणों को समझाने के काफी प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। मौके पर सीओ सादाबाद हिमांशु माथुर, कोतवाल सतेंद्र राघव फोर्स के साथ पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया और आश्वस्त किया कि आरोपी को कड़ी सजा मिलेगी। डीएम स्तर से पीड़ित परिवार को अधिक से अधिक मुआवजा दिलवाए जाने की कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है। तब जाकर प्रदर्शनकारी मौके से हटे। करीब साढ़े 11 बजे कुरसंडा का बाजार खुल सका।