मुझे बहुत ज्यादा घुटन हो रही है मां.. न रोने देंगे ये लोग, न हंसने देंगे.. मैं तो बहुत बुरी तरह फंस गई..। अभिनेत्री ट्विशा की मां से यह आखिरी चैट बताने के लिए काफी है कि वह किस स्थिति से गुजर रही थी। ट्विशा की आखिरी यादें, उनकी मुस्कुराती तस्वीरें, मोबाइल फोन पर हुई आखिरी बातें और व्हाट्सएप चैट को देख-देखकर परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रह-रहकर मोबाइल की स्क्रीन पर तैरते ट्विशा के आखिरी संदेश परिजनों की आंखों में आंसुओं का सैलाब ला रहे हैं। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि हमेशा दूसरों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाली ट्विशा अब इस दुनिया में नहीं हैं। अभी कुछ ही दिन पहले तो पूरा परिवार एक साथ था।
फूफा मनोज शर्मा ने बताया कि बीती 12 मार्च को ही ट्विशा के छोटे भाई मेजर हर्षित की शादी हुई थी। शादी में ट्विशा भी आई थीं। शादी की खुशियों के बीच सभी रिश्तेदार और परिजन मिले, तस्वीरें खिंचवाईं और सुनहरे पल समेटे। किसे पता था कि भाई की शादी में खींची गई वो तस्वीरें ट्विशा की आखिरी यादें बन जाएंगी। ठीक दो महीने बाद 12 मई की रात को उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
सात दिन बाद भी एम्स में रखा है शव
ट्विशा की ससुराल में हुई संदिग्ध मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। गम और सदमे का आलम यह है कि भोपाल के एम्स अस्पताल में पिछले छह दिनों से अभिनेत्री का शव रखा हुआ है। बेटी को खो चुके माता-पिता इस समय गहरे दुख में हैं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी है। वे अपनी लाडली को न्याय दिलाने के लिए लगातार कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं और भोपाल में ही डटे हुए हैं।
दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन
गम में डूबे रिश्तेदार व दोस्तों ने रविवार को शहर में कैंडल मार्च निकाला था। सोमवार की शाम चार बजे दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन किया गया। परिवार की मांग है कि शव का दोबारा पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में हो और केस को दिल्ली हाईकोर्ट ट्रांसफर किया जाए। आरोपी पति समर्थ सिंह अभी भी फरार चल रहा है। सोमवार को उसकी जमानत अर्जी पर सुनवाई थी। मनोज शर्मा के अनुसार जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है। पिता नवनिधि शर्मा का कहना है कि जब तक ट्विशा को इंसाफ नहीं मिल जाता और गुनहगारों को सजा नहीं मिलती, वे चैन से नहीं बैठेंगे।