सिकंदराराऊ रोड पर ठगी की शिकार महिला।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के सिकंदराराऊ रोड पंजाब बैंकट हॉल के निकट दो लोगों ने महिला के साथ ठगी की घटना को अंजाम दिया। महिला से कुंडल व थैला ठग उसे बातों में लगाकर ले गए। बुधवार की शाम को गिरीशचंद्र निवासी बंशीधर वाटिका गांधी तिराहा की पत्नी बीना बाजार गई।
वह सामान लेकर सासनी गेट तिराहा पर खड़ी थीं। इसी बीच वहां पर एक अधेड व एक युवक आया और महिला से बात करने लगा। इसी बीच उन दोनों ने महिला को बातों में उलझाया और वहां से उसे पंजाब बैंकट हॉल की तरफ ले आए। यहां पर आते ही वह घर परिवार की बात करने लगे। उनकी बातों में महिला इतनी उलझ गई कि उसने खुद की अपने कुंडल उतार कर ठगों को दे दिए।
महिला का थैला जिसमें साड़ी रखी थी, उसे भी ठग ले गए। इससे पहले कि लोग उन्हें पकड़ते रेलवे लाइन की बाउंड्रीवाल फलांग कर दोनों भाग गए। महिला को जब इस बात की जानकारी हुई तो वह रोने लगी। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। यहां पर आए एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने महिला को उसके घर तक पहुंचाया।