गांव नयावास में 23 जनवरी रात को हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस आरोपी पत्नी सहित पांच नामजदोंं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आरोपी पत्नी सहित तीन लोगों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव नयावास के 24 जनवरी की सुबह एक खेत में अशोक कुमार उर्फ लाला पुत्र नरेंद्र पाल का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला रेतकर हत्या करना आया था। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किया। पुलिस अधीक्षक देवेश कुमार पांडेय के निर्देश में तीन अभियुक्तों मृतक की पत्नी और उसके रिश्ते की बहन व गांव के ही रहने वाले योगेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। तीनों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। थानाध्यक्ष रीतेश कुमार ने बताया कि चौथे आरोपी विशाल पुत्र अमर सिंह निवासी सासनी गेट अलीगढ़ को गंदे नाले के पास से गिरफ्तार किया गया है। पांचवां अभियुक्त योगेश अभी फरार है, उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।