क्षेत्र के एक मात्र रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं हो रहा है। इससे यहां के दैनिक यात्रियों के साथ देश के अन्य प्रदेशों में जाने वाले यात्रियों काफी दिक्कतों का सामना करता पड़ता है।
कोरोना काल में बंद हुई एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू होने के बाद जलेसर रोड रेलवे स्टेशन पर उनका ठहराव बंद कर दिया गया है। कोरोना से पहले यहां पर महानंदा एवं मूरी एक्सप्रेस का ठहराव था। इसके साथ ही आगरा-बरेली यात्री गाड़ी अभी तक चालू नहीं हुई है। 18 फरवरी से दोपहर वाली ईएमयू सवारी गाड़ी चालू होने पर यहां से रोज आने जाने वाले यात्रियों की परेशानी कुछ कम तो हुई हैं।
प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर नहीं है यात्री शेड
यह रेलवे स्टेशन अंग्रेजों के समय का बना हुआ है। इसकी इमारत भी उसी जमाने की है। प्लेटफॉर्म संख्या 01 में ट्रेन का इंतजार करने के लिए कोई टिनशेड नहीं बना है। इससे गर्मी और बरसात में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर छोटा टिनशेड है। वह भी अब जर्जर हालत में है। लगभग आठ साल पूर्व बनाए गए ओवर फुट ब्रिज टूट जाने के बाद आज तक इसका निर्माण नहीं कराया है। यात्रियों को ट्रैक पार कर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाना पड़ता है। इससे कई बार स्टेशन पर जनहानि हो चुकी है।
फुट ओवरब्रिज निर्माण करवाने के लिए समय-समय पर क्षेत्र के लोगों ने इसके लिए स्टेशन अधीक्षक के साथ रेलवे के अन्य अधिकारियों को ज्ञापन भी दिया गया है। यहां के लोगों का कहना है कि इस स्टेशन पर आरक्षण व्यवस्था भी लागू होने चाहिए जिससे इस क्षेत्र के लोगों को ट्रेनों में आरक्षण करवाने के लिए टूंडला, अलीगढ़ या हाथरस जाना पड़ता है।