अग्निकांड: मुकदमा दर्ज होते ही फैक्टरी संचालक फरार
विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही तलाश
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सादाबाद गेट इलाका स्थित केमिकल फैक्टरी में भीषण अग्निकांड में पुलिस ने फैक्टरी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इधर, मुकदमा दर्ज होते ही संचालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
सादाबाद गेट चौकी प्रभारी प्रमोद शर्मा ने फैक्टरी संचालक संजीव वार्ष्णेय पुत्र रामबाबू लाल वार्ष्णेय निवासी गणेश सिटी गिजरौली के खिलाफ धारा 285, 337 और 338 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि फैक्टरी में आग लगने से लोगों की व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा पहुंचा है।
सिलिंडर फटने से कई कर्मी झुलस गए हैं। कोतवाल प्रवेश राणा ने बताया कि फैक्टरी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वह अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।