मंडी समिति में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों में रोष व्याप्त है। मंडल के प्रदेश मंत्री योगापति योगेन्द्र शर्मा, चौधरी रामकुमार एवं नितिन बागला के नेतृत्व में शुक्रवार को व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि मंडी समिति में व्यापारी अरुण कुमार योगेश कुमार के प्रतिष्ठान पर छह मई को दिनदहाड़े करीब 2.7 लाख रुपये की चोरी हो गई थी। घटना के बाद मंडी के व्यापारियों में दहशत का माहौल है तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी व्याप्त है।
इसलिए मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को तत्काल सही कराया जाए तथा रात्रि के समय अवांछनीय तत्वों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर व्यापारी की धनराशि वापस दिलाई जाए। चेतावनी भी दी गई कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो व्यापार मंडल आंदोलन करने को बाध्य होगा।
ज्ञापन देने वालों में जिला महामंत्री अरुण कुलश्रेष्ठ, जिला कोषाध्यक्ष विनोद मित्तल, जिला उपाध्यक्ष एवं ब्लॉक प्रमुख डंबर सिंह, राम अवतार दीक्षित, प्रेम प्रकाश गुरू पागल जी, प्रवीन वार्ष्णेय, प्रवीण अग्रवाल, लोकेश सेंगर, ललतेश गुप्ता, मनीष अग्रवाल, राजकुमार वर्मा कोठीवाल, विशाल सोनी, गोरख वार्ष्णेय, अनुज खंडेलवाल, श्रीकृष्ण शर्मा, राकेश अग्रवाल, गौरव शर्मा, अमित अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, शुभम मित्तल आदि व्यापारी मौजूद रहे।