वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाने पर शहर के वार्ड 20 से दिव्यांग सभासद शाहरुख ने विरोध का अलग ही तरीका अपनाया।अपने चेहरे पर कालिख पोतकर वह शनिवार को तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंच गए और कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण वह अपने वार्ड की जनता को चेहरा नहीं दिखा पा रहे हैं।
शहर के वार्ड-20 से आजाद समाज पार्टी के दिव्यांग सभासद शाहरुख ने संपूर्ण समाधान दिवस में मौजूद एडीएम न्यायिक से कहा कि तरफरा रोड सिकंदर तकिया से जलेसर रोड तक कूड़े नाला अटा हुआ है।कई बार शिकायत के बाद भी नाला सफाई कार्य नहीं हुआ है। स्थिति ऐसी हो गई है कि नगर पालिका में कोई सुन नहीं रहा है। अब मुझे जनता को मुंह दिखाने में शर्म आती है। इसलिए चेहरे पर कालिख लगाकर आया हूं। सभासद ने कहा कि या तो नाले की सफाई कराई जाए, अगर नाला निरस्त हो गया है तो नाले की जगह पर रास्ते का निर्माण कराया जाए।
सभासद ने शिकायत में कहा कि बोर्ड बैठक नगर पालिका के प्रथम तल पर होती है। दिव्यांग होने के कारण सीढ़ियों से चढ़ने में बहुत परेशानी होती है। कई बार शिकायत करने के बाद भी रैंप का निर्माण नहीं हुआ है। अगर दोनों समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो तहसील परिसर में दिव्यांगों के साथ आंदोलन किया जाएगा।