पराग डेयरी में बनी अस्थायी गोशाला में अव्यवस्थाओं का बोलबाला है। बारिश के कारण पूरे परिसर में कीचड़ है, जिसमें फंसकर गोवंश घायल हो रहे हैं। सोमवार को भी गोशाला में तीन गोवंश ने दम तोड़ दिया, जबकि करीब 25 गोवंश गंभीर रूप से बीमार हैं।
पराग डेयरी परिसर में जिले की सबसे बड़ी गोशाला है। यहां 1520 गोवंश हैं, जिनकी देखरेख के लिए 25 केयरटेकर भी लगे हुए हैं, लेकिन बारिश के दिनों में गोवंश दुर्दशा के शिकार हो रहे हैं, लेकिन अधिकारी गोवंश की देखभाल और इस परिसर की सफाई पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं।
अगर गोशाला में जनप्रतिनिधियों या अधिकारियों का दौरा होना होता है तो उससे पहले अधिकारी एक-एक घंटे तक इसका निरीक्षण करते हैं, लेकिन अन्य दिनों में इसकी तरफ झांककर देखने वाला कोई नहीं होता। गोशाला में चिकित्सकों की भी कमी है। यहां नियमित रूप से सफाई भी नहीं होती। गंदगी के कारण गोवंश बीमार हो रहे हैं।
खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि बारिश की वजह से गोशाला में कीचड़ है। जल्द ही यहां सफाई कराई जाएगी। जिन तीन गोवंश की मौत हुई है, उनके शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद दफना दिया गया है। बीमार गोवंश का इलाज कराया जा रहा है।