मुरसान में हुए सड़क हादसे में मृत बच्चे का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचते परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का हाल देख पड़ोसी भी अपने आंसू नहीं रोक सके। इधर, रविवार को हुए बवाल के डर से गांव में पुलिस बल तैनात रहा। कड़ी सुरक्षा में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
इधर, बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी आ गई, जिसमें बच्चे के पेट के ऊपरी भाग से गाड़ी के दोनों पहिये उतरने की बात कही गई है, जिससे बच्चे का लिवर व तिल्ली फट गई। अंदरूनी रक्तस्राव से ही बच्चे की मौत होने की बात सामने आई है।
गौरतलब है कि मुरसान के मोहल्ला मढ़ैया में रविवार की दोपहर को हादसा हुआ था। ढाई साल का यश रोजाना की तरह घर के बाहर खेल रहा था। युवक कार लेकर तेज रफ्तार में आ रहे थे। जब तक बच्चे को बचाने का प्रयास किया जाता, तब तक दोनों पहिए बच्चे के पेट से उतर गए। इसके बाद वह नहीं उठ सका। जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया था। हंगामे के कारण रविवार को शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम हुआ। दोपहर में रिपोर्ट आई।