विकास भवन में आयोजित जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की बैठक में सीडीओ पीएन दीक्षित ने आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। कहा कि 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों का बायोमीट्रिक अपडेट कराना जरूरी है। नए आधार कार्ड बनाने के लिए अधिक से अधिक कैंप आयोजित किए जाएं।
बैठक के दौरान यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के सहायक प्रबंधक संदेश श्रीवास्तव ने बताया कि हाथरस ने मेंडेटरी बायोमीट्रिक अपडेट करने के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश में 14वां स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि 5 से 17 वर्ष तक के बच्चों का बायोमीट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है और यह सुविधा सितंबर 2026 तक निशुल्क उपलब्ध है।
उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में एक नया आधुनिक आधार सेवा केंद्र आवास विकास कॉलोनी स्थित केडीआर कॉम्प्लेक्स, एमजी पॉलिटेक्निक गेट नंबर-1 के सामने, आगरा रोड पर शुरू किया गया है।
सीडीओ ने कहा कि आधार पंजीकरण और अद्यतन कार्यों में गति और सटीकता बनाए रखी जाए, ताकि लाभार्थियों को सुगम और समयबद्ध सेवाएं मिल सकें। इसका सही और समय पर अपडेट होना बेहद जरूरी है।