मंडी समिति सादाबाद के मुख्य गेट पर लगा सीसीटीवी कैमरा।
- फोटो : अमर उजाला
सादाबाद। सादाबाद की कृषि उत्पादन मंडी समिति में अब सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी। मंडी समिति परिसर में अलग-अलग स्थानों पर आठ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का काम किया गया। शाम को इन कैमरों को चालू भी कर दिया गया। कैमरे लग जाने के बाद किसानों और व्यापारियों को राहत मिलेगी और सुरक्षा के प्रति उनका विश्वास भी बढ़ सकेगा।
गौरतलब हो कि कृषि उत्पादन मंडी समिति में सुरक्षा को लेकर किसान और व्यापारी चिंतित रहते थे। कैमरे लग जाने के बाद अब उपज की चोरी पकड़ी जाएगी। वहीं किसानों के साथ घटतोली, लूट और चोरी जैसी वारदातों पर भी विराम लग सकेगा। अगर कोई वारदात होती है तो वह कैमरे में कैद हो जाएगी। समिति में एक कैमरा मुख्य गेट में लगाया गया है तो एक कैमरा दफ्तर के भवन के बाहर लगाया गया है और अन्य सीसीटीवी कैमरे मंडी समिति परिसर में लगाए गए हैं। इन कैमरों को डिवाइस से भी जोड़ दिया गया है।
माधव कंप्यूटर्स के तनुज अग्रवाल ने बताया कि मंडी समिति में आठ कैमरे लगाए जाने का काम पूरा कर दिया गया है। एसडीएम ज्योत्स्ना बंधु ने बताया कि कृषि उत्पादन मंडी समिति में सुरक्षा की दृष्टि से कैमरे लगाए गए हैं। इससे किसानों और व्यापारियों को सुरक्षा मिल सकेगी।