कासगंज रेलखंड पर चल रहे रेल लाइन निर्माण कार्य का असर मंगलवार को पहले ही दिन ट्रेनों के संचालन पर दिखाई दिया। अछनेरा से कासगंज जाने वाली 55332 अछनेरा-कासगंज पैसेंजर ट्रेन निर्धारित समय से करीब पौने दो घंटे की देरी से हाथरस सिटी स्टेशन पहुंची, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कासगंज के यार्ड में दो नंबर रेलवे लाइन का निर्माण कार्य के चलते ट्रेन को रास्ते में विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया। अछनेरा से रवाना होने के बाद ट्रेन को मथुरा छावनी स्टेशन पर करीब आधा घंटे और राया स्टेशन पर लगभग एक घंटे तक खड़ा रखा गया। इस कारण ट्रेन का संचालन प्रभावित हुआ और वह अपने निर्धारित समय से काफी विलंब से हाथरस सिटी स्टेशन पहुंची।
मंगलवार को ट्रेन करीब दो बजे हाथरस सिटी स्टेशन पहुंची। ट्रेन के विलंब से पहुंचने के कारण दैनिक सहित अन्य यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों की आगे की यात्रा योजनाएं भी प्रभावित हुईं। पूर्वाेत्तर रेलवे क इज्ज्तनगर मंडल के पीआरओ सफदर हुसैन ने बताया कि पूर्व में जारी सूचना के अनुसार रेल लाइन निर्माण कार्य के चलते 17 जून और 21 जून को भी कंट्रोल की अनुमति के आधार पर मथुरा से महरारा स्टेशन के बीच किसी भी स्टेशन पर ट्रेनों को आवश्यकतानुसार रोका जा सकता है। ऐसे में इन दिनों में भी यात्रियों को ट्रेन संचालन में देरी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर स्टेशन पर पहुंचने की अपील की है।