मथुरा और अलीगढ़ के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के जंक्शनों को आपस में जोड़ने की बहुप्रतीक्षित योजना पर काम शुरू हो गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मथुरा-कासगंज रेल खंड पर स्थित मेंडू स्टेशन को उत्तर मध्य रेलवे के दिल्ली-कानपुर रूट पर स्थित हाथरस जंक्शन से जोड़ने के लिए रेलवे ने फाइनल लोकेशन सर्वे शुरू कर दिया है।
सांसद हेमा मालिनी द्वारा रेल प्रशासन के समक्ष रखे गए प्रस्ताव और हाल ही में महाप्रबंधक के साथ हुई उच्चस्तरीय बैठक में इस मांग को प्राथमिकता से उठाए जाने के बाद रेलवे ने सर्वे प्रक्रिया को गति दी है। इस प्रस्तावित लिंक के जरिये हाथरस के रास्ते मथुरा और अलीगढ़ के बीच सीधी ट्रेनों के संचालन की राह खुलेगी।
मथुरा-अलीगढ़ के लिए रेल सेवा बहाल किए जाने के चलते मेंडू से हाथरस जंक्शन को जोड़े जाने की करीब 10 सालों से चल रही कवायद को अब अमलीजामा पहना दिया जाएगा।
फाइनल लोकेशन सर्वे का काम नवंबर के अंत तक पूरा होने की संभावना है। सर्वे पूरा होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी। इस रिपोर्ट में ट्रैक निर्माण में आने वाली लागत, आवश्यक भूमि अधिग्रहण और तकनीकी व्यवहार्यता का पूरा ब्योरा दर्ज होगा, जिसके बाद बजट और निर्माण पर अंतिम फैसला होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मेंडू स्टेशन को उत्तर मध्य रेलवे के हाथरस जंक्शन से जोड़ने के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे शुरू हो गया है। सर्वे आगामी नवंबर माह के अंत तक पूरा होना है, जिसके बाद डीपीआर तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेजी जाएगी।
-शिवम शर्मा, सीपीआरओ, प्रयागराज।