गांव सोखना में गेहूं के लांक में लगी आग को बुझाते लोग।
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव सोखना में खेत में रखे गेहूं के लांक में अचानक से आग लग गई। यह देख गांव के लोग खेत की ओर भागे और आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया। आग में दस बीघा खेत के गेहूं का लांक जलकर राख हो गया।
सोखना निवासी चंद्रपाल पुत्र रामगोपाल खेती से ही अपना व अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। इस बार उन्होंने गेहूं की दस बीघा फसल की थी। फसल की कटाई के बाद लांक को खेत में ही इकट्ठा कर दिया गया था। शुक्रवार की दोपहर को अचानक से खेत में रखे लांक से आग की लपटें उठने लगीं। यह देख गांव के लोग भागे और आग को बुझाने का प्रयास करने लगे।
आग पर काबू पाता न देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दस बीघा खेत की गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका।