आगरा-अलीगढ़ बाईपास पर शुक्रवार देर रात बस और टेंपो की भिड़ंत में टेंपो चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद टेंपो में आग लग गई थी। गंभीर रूप से घायल होने के कारण चालक टेंपो से बाहर नहीं निकल सका। हादसे में टेंपो का क्लीनर भी घायल हुआ है। बस में ड्राइवर समेत दो यात्रियों को भी गंभीर चोट आई है। तीनों घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मृत चालक के भाई की शिकायत पर बस चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
अलीगढ़ में सहज मिल्क का प्लांट है। इटावा के कुनैरा गांव के रहने वाले संजय मिश्रा पुत्र रामशंकर मिश्रा टाटा मैजिक टेंपो (यूपी 75 एटी 1710) से दूध के पाउचों को हर रोज अलीगढ़ से औरेया पहुंचाते थे। शुक्रवार रात को भी संजय साढ़े नौ बजे प्लांट से दूध के पाउच लेकर चले। दूध की सप्लाई करने के बाद करीब साढ़े ग्यारह बजे वह लहरा चौराहे से आगरा की ओर जा रहे थे। इसी बीच आगरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार उत्तराखंड डिपो की वॉल्वो बस (यूके 07 पीए 1129) उनके टाटा मैजिक टेंपो से भिड़ गई। हादसे के बाद बस गड्ढे में चली गई। इससे टेंपो की ड्राइवर साइड पूरी तरह से दब गई।
हादसा इतना जबर्दस्त था कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और टेंपो का डीजल टैंक फट जाने से उसमें आग लग गई। इसमें फंसकर टेंपो ड्राइवर संजय की मौत हो गई।
टेंपो की बॉडी से चिपक गया था शव
पुलिस इंस्पेक्टर रजनेश तिवारी के मुताबिक संजय के शव को निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। शव जल जाने के बाद टेंपो की बॉडी से चिपक गया था। आग लगने के कारण काफी दुर्गंध आ रही थी। क्रेन, फायर ब्रिगेड के अलावा एनएचएआई की एंबुलेंस की भी मदद शव को निकालने में ली गई। कई औजारों से टेंपो के हिस्सों को काटने के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और परिजनों को सूचित किया गया। संजय के भाई सुनील मिश्रा की शिकायत पर पुलिस ने बस चालक वसीम हैदर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
खिड़की खुलने से बची क्लीनर की जिंदगी
हादसे में संजय के साथ टेंपो में मौजूद उसी के गांव के क्लीनर विजय पुत्र सत्तो भी घायल हुआ है। पुलिस के मुताबिक विजय की ओर की खिड़की खुल जाने के कारण उनकी जान बचा ली गई। हादसे में बस के चालक वसीम हैदर पुत्र ताहिर हुसैन निवासी देहरादून के अलावा बस में सवार कपिल पुत्र वीर सिंह निवासी पीतिपुर, अमरोहा भी घायल हुए हैं। हादसे के समय बस में केवल सात यात्री ही थे। तीनों घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में उपचार दिलाया, जहां से इन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
बोलेरो-कार की टक्कर में कई लोग घायल
चंदपा थाना क्षेत्र में एक सपा नेता की कार सामने से आ रही दूसरी तेज रफ्तार कार से टकरा गई। हादसे में सपा नेता समेत नौ लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। सपा की महिला मोर्चा की पूर्व जिलाध्यक्ष शहनाज सिद्दीकी शनिवार सुबह सादाबाद से सपा प्रत्याशी देवेंद्र अग्रवाल से मिलने उनके आवास की ओर जा रही थीं। मीतई पर उनकी बोलेरो कार की टक्कर सामने से आ रही स्विफ्ट कार से हो गई। हादसे में शहनाज के अलावा कपिल सिद्दीकी, सलमा, सलमान, अफसर निवासी मुरसान और बौहरे वाली देवी निवासी सायरा के अलावा अहमद, कल्लो और महेश भी घायल हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से अस्पताल लाया गया जहां उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। हालांकि इस संबंध में शनिवार शाम तक पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई थी।