न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
संरक्षित प्राचीन किला मंदिर श्री दाऊजी महाराज परिसर स्थित मंदिर श्री गोपाल जी महाराज की दीवाल में कूमल लगाकर बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया। बदमाश दीवार काटने व जंगला को तोड़ने में सफल रहे, लेकिन चोरी की घटना को अंजाम नहीं दे सके। सूचना के बाद मौके पर पहुंच पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली।
ऐतिहासिक किला परिसर स्थित मंदिर श्री दाऊजी महाराज के परिसर में सैकड़ों वर्ष पुराना लड्डू गोपाल का मंदिर हैं। गोपाल जी महाराज की पूजा-अर्चना शहर की गली रामजी द्वारा नाई पाड़ा निवासी सेवानिवृत्त नगर पालिका लिपिक गीताराम शर्मा उर्फ बिल्लू गुरु लंबे समय से करते आ रहे हैं। बृहस्पतिवार की शाम को जब मंदिर पुजारी मंदिर पहुंचे तो मंदिर के सिंहासन के बराबर स्थित जंगला व दीवार कटे हुए थे।
यह देखकर पुजारी के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मंदिर पर मौजूद श्रद्धालुओं व कोतवाली सदर पुलिस को दी। इस पर मौके पर काफी भीड़ लग गई। पुजारी गीताराम शर्मा ने कोतवाली सदर में तहरीर दी है। इस संबंध में कोतवाली सदर प्रभारी अरविंद कुमार राठी का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है।