हाथरस के थाना हसायन क्षेत्र के एक गांव में किशोरी (14) के साथ गांव के ही एक युवक के दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। किशोरी के विरोध करने और घटना की जानकारी परिजनों को देने की बात कहने पर आरोपी ने उसका सिर नलकूप के इंजन पर देकर मार दिया और लहूलुहान हालत में उसे छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने इस मामले को छेड़खानी की धाराओं में दर्ज किया है। परिजनों ने चौकी इंचार्ज पर दबाव बनाकर तहरीर बदलवाने का आरोप लगाया है। पीड़िता को उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
किशोरी 24 मार्च सुबह करीब नौ बजे अपने खेत में चारा लेने गई थी। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि बाद में गेहूं के खेत में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी जान लेने की कोशिश की। बाद में वह किशोरी को छोड़कर फरार हो गया। परिजन खेत में पहुंचे तो किशोरी लहूलुहान हालत में अचेत पड़ी हुई थी।
उसे सीएचसी सिकंदराराऊ में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची हसायन पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली, बाद में किशोरी को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। किशोरी की मां का कहना है कि आरोपी ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने छेड़खानी का मुकदमा लिखा है। उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा पंजीकृत होना चाहिए और उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक चिंरजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने छेड़खानी की शिकायत की थी, मुकदमा उसी आधार पर दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है, दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मुकदमे में धारा बढ़ा दी जाएगी।