संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कोरोना के संक्रमण के चलते डीएम के निर्देश पर नगर पालिका की टीमें इन-दिनों घर-घर जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। जुकाम और बुखार पीड़ितों को दवाओं की किट दी जा रही हैं। हालांकि किसी भी कर्मचारी के पास ऑक्सीजन का स्तर जांचने के लिए ऑक्सीमीटर नहीं दिखा।
बता दें कि इस बार कोरोना के पूरे लक्षण होने के बावजूद जांच रिपोर्ट निगेटिव आने से लोग भ्रम में हैं। मामूली बुखार एकाएक तेजी पकड़ रहा है और लोगों की मौत हो रही है। नगर में ईओ डॉ. बृजेश कुमार के निर्देशन में स्वास्थ्य टीमें हर वार्ड में जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं। यह टीमें थर्मल स्क्रीनिंग के जरिये बुखार का पता लगा रही हैं।
जिन लोगों को खांसी, जुकाम और बुखार के लक्षण मिल रहे हैं, उनको दवाओं की किट दी जा रही हैं। खास बात तो यह है कि इस समय मरीजों में ऑक्सीजन का स्तर कम होने की काफी शिकायतें आ रही हैं, लेकिन इन टीमों के पास इसे जांचने के लिए ऑक्सीमीटर नहीं हैं।
टीमों का कहना है कि ऑक्सीमीटर उन्हें उपलब्ध ही नहीं कराए गए हैं। व्यापारी नेता विपिन वार्ष्णेय ने डीएम से टीमों को ऑक्सीमीटर उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वह लोगों के ऑक्सीजन का स्तर मालूम कर सकें।