जिले के माध्यमिक विद्यालयों में अब छात्रों को एनसीईआरटी की पुस्तकों से पढ़ाई कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए शहर के आदर्श विद्या निकेतन में पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. सौरभ जैन ने विद्यार्थियों को जागरूक किया।
विभाग की ओर से विभिन्न विद्यालयों में पुस्तक मेले आयोजित किए जा रहे हैं, जहां छात्र-छात्राओं को एनसीईआरटी की पुस्तकों के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें इन पुस्तकों के उपयोग और महत्व के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
विभाग का मानना है कि एनसीईआरटी की पुस्तकें सस्ती होने के साथ-साथ पाठ्यक्रम के अनुरूप और मानक गुणवत्ता की होती हैं, जिससे छात्रों को बेहतर समझ विकसित करने में मदद मिलती है। विभाग द्वारा निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकों से दूरी बनाए जाने की भी पहल की जा रही है, ताकि अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम हो सके।
शिक्षकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे छात्रों को एनसीईआरटी की पुस्तकों के माध्यम से ही पढ़ाई कराएं और उन्हें इसके लिए प्रेरित भी करें। डीआईओएस संतप्रकाश ने बताया कि विभाग एनसीईआरटी की पुस्तकों के प्रयोग के लिए स्कूलों को जागरूक कर रहा है। जल्द ही अन्य स्कूलों में भी पुस्तक मेले का आयोजन किया जाएगा।